दूरदर्शन पर प्रासंगिक और सांस्कृतिक प्रसारण सामग्री को बढ़ावा देने के लिए 'क्रिएटर्स कॉर्नर' आरंभ

सूचना एवं प्रसारण एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने श्री तिरुचि शिवा के प्रश्न के लिखित उत्तर में राज्यसभा में बताया कि प्रसार भारती द्वारा निर्मित या प्रायोजित प्रसारण सामग्री का कॉपीराइट अधिकार प्रसार भारती के पास रहता है। मीडिया निर्माण समूहों द्वारा हाल में कॉपीराइट उल्लंघन का कोई मामला सामने नहीं आया है। बीच के प्लेटफार्मों पर व्यक्तिगत उपयोगकर्ताओं द्वारा कॉपीराइट उल्लंघन ना हो इसकी नियमित निगरानी रखी जाती है और प्रसार भारती द्वारा इस पर कार्रवाई की जाती है। सामग्री निर्माण कार्य के उप-अनुबंध का कोई मामला प्रसार भारती के संज्ञान में नहीं आया है। एहतियात के तौर पर प्रसारण सामग्री तैयार करने वाली कंपनियों के साथ समझौतों में उप-अनुबंध प्रतिबंधित होने के प्रावधान शामिल किए गए हैं।
दूरदर्शन के 'क्रिएटर्स कॉर्नर' का शुभारंभ लोक सेवा प्रसारक के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में सामग्री निर्माणकर्ताओं को शामिल करने की सक्रिय पहल है। इसका लक्ष्य सामाजिक रूप से प्रासंगिक सामग्री के साथ ही भारत की जीवंत संस्कृति और समृद्ध विरासत प्रदर्शित करने वाले प्रसारण सामग्री की व्यापक पहुंच और प्रसार को बढ़ावा देना है। 'क्रिएटर्स कॉर्नर' के अंतर्गत चयन के लिए कंटेंट की गुणवत्ता अच्छी होने के साथ ही प्रसार भारती के कार्यक्रम एवं विज्ञापन संहिता तथा सभी नियम-कानूनों का अनुपालन आवश्यक है। इसके अलावा सामग्री निर्माणकर्ता की कम से कम एक प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त डिजिटल पहुंच आवश्यक है। इसके लिए उन्हें प्रसार भारती द्वारा निर्धारित अवधि-आधारित दरों के अनुसार पारिश्रमिक दिया जाता है।




.jpg)
