सीपीएम के प्रचार अभियान पर राहुल गांधी का तीखा हमला

नई दिल्ली, 06 अप्रैल ।लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केरलम में सीपीएम के उन होर्डिंगों की कड़ी आलोचना की है, जिनमें मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को राज्य पर शासन करने योग्य एकमात्र व्यक्ति बताया गया है। उन्होंने कहा कि सीपीएम द्वारा मुख्यमंत्री की तस्वीर के साथ ‘हू एल्स?’ (और कौन?) लिखना जनता का अपमान है। मुख्यमंत्री भगवान नहीं हैं कि केवल वे ही केरलम को चला सकते हैं। केरलम में हजारों-लाखों प्रतिभाशाली लोग हैं, जो राज्य का नेतृत्व कर सकते हैं।
केरलम विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान त्रिशूर की जनसभाओं में उमड़े जनसैलाब के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री को सलाह दी कि वे इन होर्डिंगों को तुरंत हटवा लें, क्योंकि हर केरलवासी इसे देखकर अपमानित महसूस कर रहा है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा जैसी अहंकारी मानसिकता बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह महाराजाओं का दौर नहीं है।
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी-शाह की सोच है कि वे देश पर राज करने के लिए पैदा हुए हैं और ऐसे ही सोच केरलम के मुख्यमंत्री की भी है। यह मानसिकता देश को तबाह कर रही है। इससे ऐसी सरकारें बन रही हैं जो लोगों की नहीं सुनतीं और बिना सोचे-समझे निर्णय लेती हैं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने एलडीएफ-भाजपा के अंदरूनी समझौते पर भी हमला जारी रखा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी हर भाषण में भगवान, मंदिर और धर्म की बात करते हैं, लेकिन केरलम आने पर सबरीमाला मंदिर से सोने की चोरी का जिक्र तक नहीं करते। वे मुख्यमंत्री और सीपीएम को बचाना चाहते हैं, इसलिए उन्होंने भगवान, हिंदू धर्म और मंदिरों को भुला दिया। उन्होंने आगे कहा कि मोदी कांग्रेस नेताओं पर हमले करते हैं, लेकिन केरलम के मुख्यमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए एलडीएफ ने मणिपुर में आग लगाने वालों और छत्तीसगढ़ में केरलम की ननों पर हमला करने वालों से सांठगांठ कर ली है।
अपने चिर-परिचित अंदाज में उन्होंने भारत-अमेरिका समझौते पर भी नरेंद्र मोदी को घेरा। उन्होंने कहा कि एपस्टीन फाइल्स और अमेरिका में अडानी पर चल रहे मुकदमे के कारण मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने ऐसा समझौता किया है, जिससे भारतीय किसान बर्बाद हो जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि मोदी ने देश की ऊर्जा सुरक्षा भी ट्रंप के हवाले कर दी है और अब भारत केवल उन्हीं देशों से तेल खरीद सकता है, जिनकी अनुमति ट्रंप देते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप के नियंत्रण में हैं, उसी तरह केरलम के मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के कारण मोदी-शाह के नियंत्रण में हैं।
उन्होंने मध्य पूर्व में जारी युद्ध का हवाला देते हुए आगाह किया कि इसका भारत पर गंभीर असर पड़ने वाला है, जिससे निपटने में मौजूदा सरकार अक्षम है। उन्होंने कहा कि डीजल, पेट्रोल और एलपीजी की कीमतें बढ़ना तय है व उर्वरकों की भी कमी होगी।
इस दौरान उन्होंने जनता से यूडीएफ उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताने का आह्वान करते हुए गठबंधन की गारंटियां भी गिनाईं।


YXG8.jpeg)



