ए.एस.ए.पी. प्रदेश अध्यक्ष दीपक धनखड़ के नेतृत्व में कुलपति कार्यालय का घेराव

8 April, 2026, 6:38 pm

रोहतक, 8 अप्रैल 2026: महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU) के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (CDOE) विभाग में पिछले एक महीने से क्लर्क न होने के कारण उत्पन्न हुए गंभीर प्रशासनिक संकट को लेकर आज 'एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स' (ASAP) के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष दीपक धनखड़ के नेतृत्व में सैकड़ों छात्रों ने कुलपति (VC) कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और कुलपति के ओएसडी (OSD) को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द स्थायी क्लर्क नियुक्त करने की मांग की।

छात्रों और शिक्षकों की समस्याओं को संबोधित करते हुए ए.एस.ए.पी. के प्रदेश अध्यक्ष दीपक धनखड़ ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि विश्वविद्यालय के इतने महत्वपूर्ण विभाग में पिछले एक महीने से कोई क्लर्क तैनात नहीं है। उन्होंने बताया कि परीक्षाओं का समय नजदीक आ चुका है, लेकिन विभाग में कोई क्लर्क न होने के कारण छात्रों के रोल नंबर और अन्य आवश्यक दस्तावेज समय पर प्रोसेस नहीं हो पा रहे हैं। छात्रों को अपनी डिटेल्स अथॉरिटी तक भिजवाने के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

दीपक धनखड़ ने आगे बताया कि यह समस्या केवल छात्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि विभाग के शिक्षकों का वेतन भी इसी प्रशासनिक लापरवाही के कारण रुका हुआ है। क्लर्क के अभाव में कोई भी डॉक्यूमेंटेशन और क्लीयरेंस आगे नहीं बढ़ पा रही है, जिससे स्टाफ के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

छात्र नेता दीपक धनखड़ ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, "छात्र पहले भी कई बार व्यक्तिगत रूप से प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। आज हमने स्पष्ट कर दिया है कि यदि अगले 2 दिनों के भीतर विभाग में स्थायी क्लर्क की नियुक्ति नहीं की गई, तो ए.एस.ए.पी. के नेतृत्व में छात्र विश्वविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने पर मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से प्रशासन की होगी।"

प्रशासन का आश्वासन

मौके पर पहुंचे कुलपति के ओएसडी ने छात्रों की समस्याओं को सुना और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आश्वासन दिया कि अगले 2 दिनों के भीतर इस समस्या का स्थायी समाधान कर दिया जाएगा। ओएसडी ने यह भी कहा कि अंतरिम व्यवस्था के तौर पर तत्काल प्रभाव से किसी अन्य क्लर्क की ड्यूटी वहां लगाई जाएगी ताकि छात्रों के रोल नंबर और अन्य जरूरी कार्य न रुकें।इस अवसर पर विभाग के भारी संख्या में छात्र शिक्षक जिनमें रजनी, अनुजा, स्वाति, रूपेश, मनीषा रानी, नवीन सांगवान ,हिमानी, नीधि, सुरजीत, मुस्कान, नीरू, मेचु, शिल्पा, ज्योति, प्रीति, रितिका, बबिता, योगिता, सोनिया, पलक, स्नेहा, सिमरन, दीक्षा, काजल, अलीशा, सचिन, हरीश, सुमित कुमार, दीपा, तन्नू, आकांशा, जीवन, कीर्ति, अक्षय, विजय, गौरव, रामु आदि उपस्थित रहे।