एवरेस्ट बेस कैंप तक भारत की सबसे बड़ी ‘इन्क्लूसिव ट्रेक’ सफल, दिव्यांगजनों ने रचा इतिहास

23 April, 2026, 8:33 pm

 

नई दिल्ली 23 अप्रैल 2026 : Tinkesh Ability Foundation (TAF) ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए Everest Base Camp (EBC) तक भारत की सबसे बड़ी ‘इन्क्लूसिव ट्रेक’ को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है ।  यह अभियान समावेशी एडवेंचर और सुगम्यता (Accessibility) की दिशा में एक मील का पत्थर माना जा रहा है।

पहली बार व्हीलचेयर यूज़र की भागीदारी

इस अनूठे अभियान में विविध पृष्ठभूमि के प्रतिभागी शामिल हुए, जिनमें पहली बार भारत से एक व्हीलचेयर उपयोगकर्ता ने इतनी ऊंचाई वाले हिमालयी ट्रेक में हिस्सा लिया। यह उपलब्धि अपने आप में ऐतिहासिक है और एडवेंचर स्पोर्ट्स में समावेशन की नई मिसाल पेश करती है। इस अभियान की टीम में दिव्यांग और नॉन-दिव्यांग प्रतिभागियों का संगम है । इस अभियान में कुल 6 दिव्यांग प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें प्रमुख रूप से टिंकेश (ट्रिपल एम्प्यूटी और वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर),रूपिंदर कौर (व्हीलचेयर यूज़र),समीर देशमुख (एबव-नी एम्प्यूटी),विकास पटेल (बिलो-नी एम्प्यूटी),दिपेंद्र सिंह (आर्म एम्प्यूटी) प्रियंका अग्रवाल (दृष्टिबाधित)शामिल थे। इनके साथ 7 नॉन-दिव्यांग प्रतिभागियों—विशाल डी’कोस्टा, सेसिल रॉड्रिग्स, सिडेनस्ट्रिका गौतम, सुधाकर, कुमार, अयूब अंसारी, प्रसन्ना पुलिस रेड्डी और प्रियंका के पति दिम्पेश भाटेवारा—ने कदम से कदम मिलाकर सहयोग दिया।

कठिन हिमालयी परिस्थितियों में असंभव को संभव

हिमालय के कठिन और चुनौतीपूर्ण भू-भाग में आयोजित इस ट्रेक ने यह साबित कर दिया कि सही सपोर्ट सिस्टम, सकारात्मक सोच और समावेशी योजना के साथ अत्यंत कठिन परिस्थितियों को भी सभी के लिए सुलभ बनाया जा सकता है।

नेतृत्व बना प्रेरणा

इस ट्रेक का नेतृत्व TAF के संस्थापक Tinkesh Kaushik ने किया, जो राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता, ट्रिपल एम्प्यूटी और वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर हैं। उनके नेतृत्व ने इस अभियान को केवल एक ट्रेक नहीं, बल्कि हौसले, प्रतिनिधित्व और समान अवसर का सशक्त संदेश बना दिया।

सहयोग से बनी सफलता

इस मिशन को सफल बनाने में Advait Outdoors सहित कई सहयोगी संस्थाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनकी साझेदारी ने एक समावेशी और सुलभ भविष्य के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाया।

अभियान के प्रमुख उद्देश्य

दिव्यांगता को लेकर बनी रूढ़ियों और सीमाओं को चुनौती देना

भारत में ‘इन्क्लूसिव एडवेंचर टूरिज्म’ को मुख्यधारा में लाना

नीति स्तर पर समर्थन, कॉर्पोरेट भागीदारी और सामाजिक बदलाव को प्रेरित करना

सुगम्यता, अनुकूलन (Adaptation) और ‘रीज़नेबल अकॉमोडेशन’ के महत्व को उजागर करना

एक बड़ा संदेश

TAF की यह सफलता सिर्फ एक उपलब्धि नहीं, बल्कि सरकारों, संगठनों और समाज के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि एडवेंचर, पर्यटन और जीवन के हर क्षेत्र में सुगम्यता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

TAF के बारे में

Tinkesh Ability Foundation दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने के लिए काम करती है। संस्था समावेशन आधारित पहलों, जागरूकता और अवसर निर्माण के माध्यम से ‘असंभव को संभव’ बनाने की दिशा में कार्यरत है