राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल सहित 7 सांसदों ने भाजपा का दामन थामा

25 April, 2026, 9:36 am



दिल्ली, 25 अप्रैल:भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल सहित 7 सांसदों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का स्वागत करते हुए कहा कि आज का दिन पंजाब की राजनीति के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम अरविंद केजरीवाल की झूठ, फरेब और धोखेबाजी की राजनीति पर बड़ा प्रश्नचिह्न है।

चुग ने कहा कि जिन लोगों को आगे कर अरविंद केजरीवाल ने देश और पंजाब की जनता को बदलाव के बड़े-बड़े सपने दिखाए थे, आज वही लोग AAP की वास्तविकता—झूठ, माफियाराज, रंगदारी और संस्थागत भ्रष्टाचार के घिनौने चेहरे—को समझकर उससे दूरी बना रहे हैं। यह स्पष्ट संकेत है कि पार्टी के भीतर केजरीवाल की कार्यशैली को लेकर गहरी निराशा और असंतोष है।

चुग ने कहा कि पंजाब की जनता पहले ही AAP सरकार के कुशासन, बढ़ते भ्रष्टाचार, माफियाराज, बिगड़ती कानून व्यवस्था और टूटे वादों से त्रस्त है। राज्य का हर वर्ग अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहा है। किसानों, युवाओं, उद्योगपतियों, व्यापारियों और महिलाओं से किए गए वादे केवल राजनीतिक जुमले और कोरे झूठ साबित हुए हैं।
चुग ने कहा कि अब केवल जनता ही नहीं, बल्कि AAP के अपने संस्थापक नेता और सांसद भी यह समझ चुके हैं कि यह पार्टी जनसेवा के लिए नहीं, बल्कि कुछ लोगों के निजी राजनीतिक हितों की पूर्ति का माध्यम बन चुकी है। यही कारण है कि लोग तेजी से इस पार्टी से दूरी बना रहे हैं।

चुग ने कहा कि आम आदमी पार्टी अपने मूल सिद्धांतों से पूरी तरह भटक चुकी है। जो पार्टी भ्रष्टाचार खत्म करने के नाम पर बनी थी, आज वही पार्टी भ्रष्ट और समझौतावादी लोगों के कब्जे में आ चुकी है। राष्ट्रहित और सिद्धांतों से समझौता न करने वाले लोग अब इस पार्टी को छोड़ रहे हैं क्योंकि वे उसके पापों में भागीदार नहीं बनना चाहते।
चुग ने जोड़ा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी विकास, सुशासन और राष्ट्रप्रथम की राजनीति को आगे बढ़ा रही है। भाजपा में शामिल होने वाले सभी नेताओं का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के इस अभियान में हर राष्ट्रवादी सोच रखने वाले व्यक्ति का स्वागत है।

चुग ने कहा कि यह घटनाक्रम अरविंद केजरीवाल और उनकी लूट की राजनीति चलाने वाली पूरी लॉबी के लिए स्पष्ट संदेश है कि पंजाब अब भ्रम, झूठ और धोखे की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगा। पंजाब की जनता स्थिरता, विकास, सुशासन और भरोसे की राजनीति चाहती है और भाजपा इस उम्मीद का सबसे मजबूत विकल्प बनकर उभर रही है।