पश्चिम बंगाल में बंपर वोटिंग, दूसरे चरण में मतदान 91.66 प्रतिशत मतदान

29 April, 2026, 10:08 pm

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 91.66% मतदान दर्ज किया गया, जो स्वतंत्रता के बाद का अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है। भारतीय निर्वाचन आयोग ने बताया कि यह उच्च मतदान लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनता के बढ़ते विश्वास और सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।

पहले दो चरणों में रिकॉर्ड मतदान

दूसरे चरण का मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम तक शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा। शाम 7:45 बजे तक मतदान प्रतिशत 91.66% पहुंच गया। पहले चरण में 93.19% मतदान दर्ज हुआ था। दोनों चरणों को मिलाकर कुल मतदान 92.47% रहा, जो 2011 के विधानसभा चुनाव के 84.72% के पिछले रिकॉर्ड से काफी अधिक है।

महिला मतदाताओं की बढ़त

मतदान के आंकड़ों में महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। दूसरे चरण में महिलाओं का मतदान प्रतिशत 92.28% दर्ज किया गया, जबकि पुरुषों का 91.07% और तीसरे लिंग के मतदाताओं का 91.28% मतदान रहा। यह आंकड़े समावेशी और संतुलित भागीदारी को दर्शाते हैं।


मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त एस. एस. संधू और विवेक जोशी ने मतदान प्रक्रिया की निगरानी की। सभी मतदान केंद्रों पर 100% लाइव वेबकास्टिंग के जरिए स्थिति पर नजर रखी गई, जिससे पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित हुई.

निर्वाचन आयोग ने मतदान को सुगम बनाने के लिए कई मतदाता-अनुकूल कदम उठाए। ईवीएम बैलेट पेपर पर उम्मीदवारों की रंगीन तस्वीरें, मोबाइल जमा करने की सुविधा, नए डिज़ाइन की मतदाता पर्चियां और प्रत्येक बूथ पर अधिकतम 1200 मतदाताओं की सीमा तय की गई, जिससे भीड़ कम हो सके।

दोनों चरणों में 24 जिलों के 294 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान कराया गया। इस दौरान 6.81 करोड़ से अधिक मतदाता और करीब 2,926 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 85,000 से अधिक मतदान केंद्र और 4.26 लाख से ज्यादा कर्मियों की तैनाती की गई।

लोकप्रिय