दिल्ली में ‘कोकण हापूस’ की महक

1 May, 2026, 6:18 pm

नई दिल्ली, 1 मई: राजधानी दिल्ली के बाजारों में भले ही आम की कई किस्में उपलब्ध हों, लेकिन यह सुनिश्चित करना मुश्किल होता है कि आम वास्तव में देवगढ़ या रत्नागिरी का असली हापूस है या नहीं। इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र सदन ने ‘जीआई टैग’ प्राप्त असली कोकण हापूस आम सीधे दिल्लीवासियों तक पहुंचाने की पहल की है।

महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित महाराष्ट्र सदन में आयोजित ‘कोकण हापूस आम महोत्सव’ का उद्घाटन निवासी आयुक्त एवं सचिव आर. विमला ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को असली हापूस आम की पहचान और गुणवत्ता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, और इस महोत्सव के जरिए यही भरोसा दिया जा रहा है।

इस अवसर पर विशेष आयुक्त श्वेता सिंघल, निवासी आयुक्त (निवेश) सुशील गायकवाड़, महाराष्ट्र परिचय केंद्र के निदेशक हेमराज बागुल, कृषि विभाग के सह-निदेशक शिवाजी आमले, सहायक निवासी आयुक्त नितीन शेंडे और स्मिता शेलार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

उद्घाटन के बाद स्टॉल्स का निरीक्षण करते हुए आर. विमला ने कहा कि कोकण की उपजाऊ मिट्टी में उगाए गए असली हापूस आम की गुणवत्ता और स्वाद को दिल्ली के लोगों तक पहुंचाने का पूरा ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से उपभोक्ताओं को असली हापूस का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।

दिल्लीवासियों से मिले उत्साहजनक प्रतिसाद पर संतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि अगले वर्ष इस महोत्सव को और बड़े स्तर पर तथा अधिक दिनों तक आयोजित करने की योजना है।

यह आम महोत्सव न सिर्फ कोकण के किसानों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराता है, बल्कि राजधानी के लोगों को असली ‘हापूस’ का स्वाद भी देता है।

लोकप्रिय