SBI कर्मचारियों का देशव्यापी प्रदर्शन, भर्ती और सुरक्षा समेत कई मांगें उठाईं

All India State Bank of India Staff Federation के आह्वान पर देशभर में State Bank of India की विभिन्न शाखाओं और कार्यालयों के बाहर कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने बैंक प्रबंधन के सामने लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की।
फेडरेशन से जुड़े कर्मचारियों का कहना है कि लगातार बढ़ते कार्यभार के बावजूद पर्याप्त भर्ती नहीं की जा रही है, जिससे कर्मचारियों पर दबाव बढ़ रहा है और बैंकिंग सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने विशेष रूप से मैसेंजर और सब-स्टाफ कैडर में भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सशस्त्र सुरक्षा गार्डों की पर्याप्त नियुक्ति, एनपीएस कर्मचारियों को पेंशन फंड मैनेजर बदलने का विकल्प, इंटर-सर्कल ट्रांसफर में पारदर्शिता तथा वर्ष 2019 के बाद जॉइन करने वाले कर्मचारियों से जुड़े लंबित मुद्दों का समाधान शामिल है।
फेडरेशन ने बैंक में बढ़ रही आउटसोर्सिंग व्यवस्था का भी विरोध किया। कर्मचारियों का कहना है कि स्थायी कार्यों के लिए आउटसोर्सिंग बंद कर नियमित और स्थायी नियुक्तियां की जानी चाहिए। इसके साथ ही शाखाओं में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध कराने और विभिन्न कैडरों में वेतन एवं सुविधाओं से जुड़े पैरिटी इश्यू को भी उठाया गया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मचारियों का कहना है कि बैंक की बेहतर कार्यप्रणाली और ग्राहकों को सुचारू सेवाएं देने के लिए पर्याप्त स्टाफ और सुरक्षित कार्य वातावरण आवश्यक है।


YXG8.jpeg)



