प्रधानमंत्री मोदी के ‘7 संकल्प’ देश के भविष्य को सुरक्षित रखने की ओर सार्थक कदम

19 May, 2026, 10:41 pm

भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय व्यापारी नेता सम्मेलन के दूसरे दिन देशभर से आए व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “7 रणनीतिक कदमों” को भारत की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और आर्थिक मजबूती की दिशा में दूरदर्शी एवं भविष्य उन्मुख पहल बताया। सम्मेलन में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री मोदी के विज़न की सराहना की गई तथा देश के व्यापारिक समुदाय के बीच इन सातों संकल्पों को व्यापक रूप से लागू करने का संकल्प लिया गया। व्यापारी नेताओं ने कहा कि “इंडिया फर्स्ट” का मंत्र आज देश के प्रत्येक व्यापारी का भी संकल्प बन चुका है।

देश के 27 राज्यों से आए प्रमुख व्यापारिक नेता इस सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। सम्मेलन की अध्यक्षता कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बी.सी. भरतिया ने की।यह सम्मेलन कन्फ़ेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ( कैट) द्वारा आयोजित किया जा रहा है। 

आज सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री श्रीमती स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सात कदम केवल राष्ट्रीय सुरक्षा का रोडमैप नहीं बल्कि भारत को आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त बनाने का व्यापक दृष्टिकोण हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिला सशक्तिकरण की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और व्यापार जगत को महिलाओं के नेतृत्व, उद्यमिता एवं आर्थिक गीदारी को और अधिक बढ़ावा देना चाहिए।

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद श्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि आज का व्यापारी केवल व्यापार तक सीमित नहीं है बल्कि राष्ट्र निर्माण का सक्रिय भागीदार बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सातों संकल्प व्यापार जगत को आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय हितों के प्रति अधिक जागरूक एवं प्रतिबद्ध बनाएंगे। श्री खंडेलवाल ने कहा कि व्यापारिक समुदाय हर परिस्थिति में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सरकार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

सम्मेलन में पारित प्रस्ताव में कहा गया कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, भू-राजनीतिक तनाव, आर्थिक चुनौतियों तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े बदलते परिदृश्य को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा घोषित सात कदम अत्यंत समयोचित एवं आवश्यक हैं। व्यापार नेताओं ने कहा कि इन कदमों का उद्देश्य भारत को आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर, रणनीतिक रूप से मजबूत, आपूर्ति श्रृंखला के स्तर पर सक्षम तथा किसी भी वैश्विक संकट अथवा आक्रमण की स्थिति में पूर्णतः तैयार बनाना है। प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने व्यापार, उद्योग, उपभोक्ता और राष्ट्रहित के बीच संतुलन स्थापित करते हुए देश को दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में यह ऐतिहासिक पहल की है।

उल्लेखनीय है कि कल केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने सम्मेलन में भाग लिया था तथा 12 से 15 अगस्त तक भारत मंडपम में आयोजित होने वाले “भारतीय व्यापार महोत्सव” के वेब पोर्टल का शुभारंभ किया। यह महोत्सव आईटीपीओ एवं कैट द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है।

लोकप्रिय