52 महीने में हर मोर्चे पर फेल भगवंत मान सरकार, पंजाब की जनता 2027 में देगी करारा जवाब :तरुण चुग

20 May, 2026, 9:57 pm


चंडीगढ़, 20 मई 2026 भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने आज पंजाब नगर निगम चुनाव के अंतर्गत भाजपा विधायक जंगी लाल महाजन जी के आवास मुकेरियां में आयोजित सभा को संबोधित किया। सभा में भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए जनता से आह्वान किया गया। जनता का अपार उत्साह और समर्थन यह स्पष्ट कर रहा था कि पंजाब में भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास दिन-प्रतिदिन मजबूत होता जा रहा है।

तरुण चुग ने कहा कि आज पूरे पंजाब के अंदर आम आदमी पार्टी के अत्याचारों के खिलाफ एक आंधी चल रही है। लोगों ने मन बना लिया है कि जिन्होंने 2022 में झूठ बोला, वादाखिलाफी की, उन्हें सबक सिखाना है। पंजाब की जनता ने मुख्यमंत्री को सुरक्षा और विकास का मौका दिया था, लेकिन मुख्यमंत्री सुरक्षा करने की बजाय चुटकुले और कहानियां सुनाने में लगे रहते हैं।

उन्होंने कहा कि 52 महीने बीत गए हैं और अब भगवंत मान सरकार को बाय-बाय कहने का वक्त आ गया है। पूरा पंजाब आज "बाय-बाय भगवंत मान, बाय-बाय केजरीवाल" कहने के लिए खड़ा है। हालात यह हैं कि इनके नेता गांवों में घुस नहीं पा रहे और पूरा पंजाब त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रहा है। भगवंत मान सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है — चाहे ड्रग का मुद्दा हो, भ्रष्टाचार हो, रंगदारी-गैंगस्टरिज्म हो या पंजाब का कानून-व्यवस्था का मसला — हर परिस्थिति में यह सरकार पूरी तरह नाकाम रही है।

तरुण चुग ने कहा कि यह नगर निगम चुनाव तो मात्र ट्रेलर है — असली पिक्चर मार्च 2027 में आएगी जब पंजाब की जनता अपना फैसला सुनाएगी। भाजपा पंजाब में सुशासन, सुरक्षा और विकास का नया अध्याय लिखने के लिए पूरी तरह तैयार है। जनता के बीच भाजपा के प्रति बढ़ता विश्वास यह सिद्ध करता है कि परिवर्तन की बयार अब अपरिहार्य है।

उन्होंने पंजाब की जनता से आह्वान किया कि वे भाजपा प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताकर इस परिवर्तन की शुरुआत करें। तरुण चुग ने कहा कि पंजाब के हर घर में, हर गांव में भाजपा का संदेश पहुंचेगा और आम आदमी पार्टी की विफलताओं का जनता को पूरा हिसाब देना होगा। 2027 में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के साथ पंजाब एक नए युग में प्रवेश करेगा।

लोकप्रिय