बैंक कर्मचारियों की दो दिवसीय प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर सुलह वार्ता जारी

नई दिल्ली। बैंक कर्मचारियों की दो दिवसीय प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर सुलह वार्ता जारी है। उप मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) के कार्यालय में गुरुवार को प्रबंधन और ऑल इंडिया स्टेट बैंक स्टाफ फेडरेशन के प्रतिनिधियों के बीच विस्तृत चर्चा हुई, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।
बैठक में बैंक प्रबंधन ने 22 मई को शीर्ष प्रबंधन के साथ द्विपक्षीय वार्ता के लिए फेडरेशन को आमंत्रित किया और 25 व 26 मई 2026 को प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने का आग्रह किया। हालांकि फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि जब तक प्रबंधन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक हड़ताल टालने पर सहमति संभव नहीं है।
सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने फेडरेशन की मांगों पर अपने-अपने तर्क रखे। यह भी सामने आया कि मुद्दों के समाधान के लिए बैंक के उच्च प्रबंधन स्तर पर और बातचीत जरूरी है। इससे पहले 16 और 19 मई को भी दोनों पक्षों के बीच द्विपक्षीय वार्ता हो चुकी है।
उप मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) ने दोनों पक्षों को सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने के लिए बातचीत जारी रखने की सलाह दी। साथ ही औद्योगिक संबंध संहिता 2020 की संबंधित धाराओं का उल्लेख करते हुए यूनियन से सुलह प्रक्रिया पूरी होने तक किसी प्रत्यक्ष कार्रवाई से बचने का अनुरोध किया गया।
अब मामले की अगली सुनवाई 23 मई 2026 को दोपहर 2 बजे निर्धारित की गई है।
यदि वार्ता में सहमति नहीं बनती है तो देशभर में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।



YXG8.jpeg)



