वड़िंग ने एसवाईएल और चंडीगढ़ के हस्तांतरण के मुद्दे पर सैनी से किए सवाल

चंडीगढ़, 8 जून: पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से पंजाब से जुड़े लंबे समय से लंबित कुछ मुद्दों, विशेषकर एसवाईएल, चंडीगढ़ के हस्तांतरण और हरियाणा के पंजाबी भाषी क्षेत्रों को पंजाब में शामिल करने के संबंध में उनका रुख स्पष्ट करने को कहा है।
वड़िंग ने कहा कि जिस तरह सैनी पंजाब में भाजपा के लिए दौरे और चुनाव प्रचार कर रहे हैं, वह दोहरी राजनीति करने जैसा है। उन्होंने कहा कि सैनी एक ही समय में हरियाणा और पंजाब के परस्पर विरोधी हितों के प्रति वफादार नहीं रह सकते हैं।
वड़िंग ने धूरी में सैनी के खराब कार्यक्रम पर भी तीखी टिप्पणी की, जहां उन्हें खाली कुर्सियों को संबोधित करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि सैनी की स्थिति उस मेहमान जैसी हो गई है, जो बार-बार आने के कारण लोगों के लिए अवांछित बन जाता है। उन्होंने यह टिप्पणी सैनी के पंजाब के लगातार दौरों के संदर्भ में की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब और हरियाणा के बीच कुछ गंभीर और लंबे समय से लंबित मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि हर समझदार व्यक्ति यह जानना चाहेगा कि सैनी का इन मुद्दों पर क्या रुख है। उन्होंने सैनी से सवाल किया है कि क्या आप पंजाब से अतिरिक्त पानी की अपनी बेबुनियाद मांग छोड़ेंगे और चंडीगढ़ को पंजाब को सौंपने की प्रक्रिया में सहयोग देंगे, जो लंबे समय से पंजाब को नहीं मिला है?
वड़िंग ने पंजाब भाजपा नेताओं से भी सवाल किया कि वे यह स्पष्ट करें कि पंजाब से जुड़े लंबे समय से लंबित मुद्दों पर हरियाणा के मुख्यमंत्री का क्या रुख है। उन्होंने पूछा कि क्या आप हरियाणा के मुख्यमंत्री के साथ खड़े हैं या फिर पंजाब के?
वड़िंग ने यह भी सवाल उठाया कि जब भाजपा के पास पहले से ही कांग्रेस से आए कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं, तो फिर राज्य में प्रचार के लिए ऐसे पड़ोसी राज्य के मुख्यमंत्री की जरूरत क्यों पड़ रही है, जिसके साथ पंजाब के कुछ विवादित मुद्दे अभी भी अनसुलझे हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि या फिर भाजपा को अपने ही नेताओं की वफादारी पर भरोसा नहीं है, क्योंकि वे सभी कांग्रेस से आए हैं?









YXG8.jpeg)



