हरियाणा की भूमि से गीता के ज्ञान से कर्म और ऊर्जा का संदेश मिलता है: ओम बिरला

चंडीगढ़, 10 जून। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि हरियाणा की पावन धरती देश को नई ऊर्जा, प्रेरणा और कर्म का संदेश देती है। भागवत गीता की भूमि हरियाणा ने अपने कठिन परिश्रम, राष्ट्रसेवा और सामाजिक योगदान के बल पर देश और दुनिया में विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि छोटा राज्य होने के बावजूद हरियाणा ने अनेकों क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
मंगलवार को पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित सर्वसमाज नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने यह बात कही। इससे पहले श्री बड़का का समारोह में पहुंचने पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि हरियाणा का व्यक्ति अपनी मेहनत, लगन और देशभक्ति के लिए जाना जाता है। देश या दुनिया में किसी भी संकट और आपदा की घड़ी में हरियाणा के लोग सबसे आगे खड़े दिखाई देते हैं। यहां की संस्कृति, विचार और सेवा के संस्कार समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल सरकार के प्रयासों से नहीं बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही साकार होगा।
उन्होंने कहा कि आज देश के 140 करोड़ नागरिक विकसित भारत के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है और इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दूरदर्शी नेतृत्व है। ओम बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हरियाणा के प्रभारी रहें। संगठन से राज्य और राज्य से देश में उनकी सेवा कर रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी को लंबे समय तक प्रधानमंत्री के रूप में काम करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की ताकत, सामर्थ्य और विश्वसनीयता दुनिया के सामने नई ऊंचाइयों तक पहुंची है। भारत आज वैश्विक चुनौतियों के समाधान प्रस्तुत करने वाला देश बनकर उभरा है।
ओम बिरला ने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया के लिए कई चुनौतियों का कालखंड है, लेकिन भारत लोकतांत्रिक व्यवस्था, सुशासन और सामूहिक संकल्प के बल पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों और दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। जब समाज और सरकार एक साथ मिलकर काम करते हैं, तभी विकास की गति तेज होती है और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि विकास के रथ के दो पहिए होते हैं एक सरकार और दूसरा समाज। यदि दोनों मिलकर समान गति से कार्य करें तो विकसित भारत का सपना जल्द ही साकार होगा। समाज की सामूहिक भागीदारी किसी भी प्रदेश और राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए राष्ट्रसेवा के भाव से कार्य करना समय की आवश्यकता है।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा आज आधारभूत ढांचे, सामाजिक कल्याण योजनाओं और विकास कार्यों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश विकास और जनसेवा के नए आयाम स्थापित कर रहा है। समाज के सहयोग, समर्पण और सेवा भावना के साथ हरियाणा निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि भारत के सामने उद्योग, व्यापार, आधारभूत संरचना और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में असीम संभावनाएं मौजूद हैं। इन अवसरों का लाभ उठाकर देश को आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। साथ ही सामाजिक बदलाव और जनभागीदारी के माध्यम से एक सशक्त एवं समृद्ध समाज का निर्माण भी संभव है।
इस अवसर पर ओम बिरला ने भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरियाणा को महिला नेतृत्व के रूप में एक सक्षम और अनुभवी नेतृत्व मिला है।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा की कर्मभूमि पूरे देश और दुनिया को यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम, सेवा और समर्पण के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही प्रदेश और देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।









YXG8.jpeg)



