मुख्यमंत्री ने किया ‘जल संजीवनी’ पत्रिका का विमोचन

नई दिल्ली, 15 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने सोमवार को हरियाणा निवास में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की विभागीय पत्रिका ‘जल संजीवनी’ के प्रथम संस्करण का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने इस पत्रिका को विभाग की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज बताते हुए कहा कि यह जल संरक्षण, जल सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री Ranbir Singh Gangwa, उद्योग एवं वाणिज्य तथा सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री Rao Narbir Singh, शिक्षा मंत्री Mahipal Dhanda तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री Shyam Singh Rana भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जल संजीवनी’ विभाग की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों और भावी योजनाओं को जनता के समक्ष लाने का प्रभावी माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज जल प्रबंधन और ग्रामीण पेयजल व्यवस्था के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार "शुद्ध जल, पर्याप्त जल" के संकल्प को साकार करने के लिए लगातार प्रयासरत है और प्रधानमंत्री Narendra Modi की सोच के अनुरूप हर नागरिक तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने बताया कि पत्रिका में विभाग द्वारा पेयजल एवं स्वच्छता क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों, नवाचारों और विकासात्मक पहलों का व्यापक विवरण शामिल किया गया है। इसमें Jal Jeevan Mission सहित विभिन्न योजनाओं के तहत स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के प्रयासों, जलापूर्ति कवरेज, बजट उपयोग और आधारभूत ढांचे के विकास की जानकारी दी गई है।
उन्होंने कहा कि पत्रिका में जल गुणवत्ता प्रबंधन, आधुनिक जल परीक्षण प्रयोगशालाओं, उत्कृष्ट जल शोधन एवं सीवेज उपचार संयंत्रों की कार्यप्रणाली, तकनीकी नवाचारों तथा जल संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े विशेष अभियानों को प्रमुखता से स्थान दिया गया है।
गंगवा ने बताया कि विभाग द्वारा सामुदायिक सहभागिता से संचालित गतिविधियों, निरीक्षण एवं जनसंवाद कार्यक्रमों, प्रशिक्षण पहलों तथा हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल जैसी डिजिटल व्यवस्थाओं के माध्यम से कार्यों में लाई गई पारदर्शिता और दक्षता को भी पत्रिका में दर्शाया गया है। इसके अलावा केंद्रीकृत शिकायत निवारण प्रणाली के जरिए नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे विभागीय सेवाओं के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने, जल स्रोतों के संरक्षण, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के कारण हरियाणा ने जल सुरक्षा और सतत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। ‘जल संजीवनी’ पत्रिका इन प्रयासों और उपलब्धियों का प्रतिबिंब है, जो हरियाणा को जल प्रबंधन और स्वच्छता के क्षेत्र में एक प्रगतिशील एवं प्रेरणादायी राज्य के रूप में प्रस्तुत करती है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, उप-प्रधान सचिव श्री यशपाल यादव, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता श्री देवेंद्र दहिया तथा जल एवं स्वच्छता सहायता संगठन के निदेशक डॉ. जसवंत सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।










YXG8.jpeg)



