पूर्वोत्तर में बाढ़ पर केंद्र सतर्क, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने की समीक्षा

30 June, 2026, 9:16 pm

नई दिल्ली, 30 जून 2026। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पूर्वोत्तर राज्यों में उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को लेकर केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने मंगलवार को उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और मणिपुर के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बातचीत कर प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत, बचाव और पुनर्बहाली कार्यों की जानकारी ली।

केंद्रीय मंत्री ने हिमंत बिस्वा सरमा, पेमा खांडू, प्रेम सिंह तमांग और युमनाम खेमचंद सिंह से बातचीत के दौरान जमीनी स्थिति का जायजा लिया और कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय (एमडीओएनईआर) राज्यों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल हो।

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में असम शामिल है, जहां छह जिलों में बाढ़ का गंभीर असर देखा गया है। वहीं अरुणाचल प्रदेश के 28 में से 12 जिले लगातार बारिश के कारण बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। सिक्किम और मणिपुर में भी प्रतिकूल मौसम बना हुआ है, जबकि मेघालय में प्रशासन अलर्ट पर है। इसके अलावा मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा की स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय ने कहा कि वह सभी राज्य सरकारों और संबंधित केंद्रीय एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और कुशलक्षेम की कामना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकारों के साथ मिलकर राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

लोकप्रिय