कांग्रेस पार्टी पूरी तरह परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति में डूबी हुई है:  डा. अर्चना गुप्ता

8 July, 2026, 9:50 am



 चंडीगढ़, 8 जुलाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने रोहतक में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। प्रेस वार्ता में उनके साथ पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर प्रदेश मीडिया से प्रभारी शमशेर सिंह खरक और जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणबीर ढाका मौजूद रहे।


 उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति में डूबी हुई है। यही कारण है कि राज्यसभा सांसद रहते हुए भी बेटे को लोकसभा चुनाव लड़ाया गया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पार्टी के कार्यकर्ताओं की अनदेखी की और केवल परिवार को आगे बढ़ाने का काम किया।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चा गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस में महिलाओं को भी सम्मान नहीं मिलता। उन्होंने कुमारी शैलजा का जिक्र करते हुए कहा कि एक वरिष्ठ महिला नेता होने के बावजूद कुमारी शैलजा की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में परिवारवाद इतना हावी है कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के लिए कोई स्थान नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि वंशवाद के चलते पूर्व सीएम हुड्डा  ने मुख्यमंत्री पद के लिए किसी कांग्रेस कार्यकर्ता का नाम आगे नहीं बढ़ाया।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और ईमानदारी व निष्ठा से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मान और अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने यह साबित किया है कि चाय बेचने वाले का बेटा देश का प्रधानमंत्री और किसान का बेटा प्रदेश का मुख्यमंत्री बन सकता है। भाजपा में परिवारवाद या राजनीतिक वंशवाद के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए पूर्व सीएम हुड्डा ने सिर्फ रोहतक पर ध्यान दिया। जबकि मनोहर और नायब सरकार ने सभी 90 विधानसभाओं में विकास की गंगा बहाई है।


कुमारी शैलजा के भाजपा में आने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कोई भी व्यक्ति भाजपा की विचारधारा से जुड़ना चाहता है तो पार्टी उसका स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को सबसे अधिक सम्मान देने वाली राजनीतिक पार्टी है और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि रोहतक और सिरसा दोनों क्षेत्रों में संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
 

लोकप्रिय