केंद्रीय मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभाला

26 July, 2026, 11:25 pm

केंद्रीय मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी ने आज कर्तव्य भवन में शिक्षा मंत्रालय का औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। मंत्री जी के पास उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण एवं नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालयों का भी प्रभार है।श्री जोशी ने मंत्रालय की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने इस बैठक में विभिन्न योजनाओं और अन्य पहलों के कार्यान्वयन की समीक्षा की। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी भी समीक्षा बैठक में उपस्थित थे।उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. विनीत जोशी और विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव श्री टी.के. अनिल कुमार, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उपस्थित थे

शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार संभालने के बाद प्रह्लाद जोशी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन पर ‘पूरा भरोसा’ जताया है और इसीलिए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि वे शिक्षा विभाग से जुड़ी सभी जानकारियों की समीक्षा के लिए लगातार बैठकें कर रहे हैं।

पद संभालने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए जोशी ने कहा, “प्रधानमंत्री ने मुझ पर पूरा भरोसा जताया है और मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी है। मैं कल कर्नाटक में था, रात को यहां पहुंचा और आज सुबह पद संभालने और मंत्रालय का काम देखने के लिए यहां आया हूं।” उन्होंने कहा, “मैंने पूरे मंत्रालय को समझने की कोशिश की है। रविवार सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक मैंने लगातार बैठकें कीं। यह विषय मेरे लिए नया है, इसलिए इसे पूरी तरह समझने के बाद मैं आपसे विस्तार से बात करूंगा।”

इससे पहले, सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में जोशी ने कहा, “आज मैंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के तौर पर पदभार संभाला। मुझ पर भरोसा करने और मुझे यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी का आभारी हूं।” उन्होंने कहा, “मैं इसे विनम्रता और कर्तव्य की गहरी भावना के साथ स्वीकार करता हूं।”

लोकप्रिय