यूथ कांग्रेस ने शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस के घर के किया घेराव, प्रदर्शन के दौरान बैरीकेड्स तोड़े, मांगा इस्तीफा

29 July, 2026, 5:27 am



चंडीगढ़, 29 जुलाई 2026 । पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रधान शुभम शर्मा शुभी की अगवाई में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज रोपड़ में शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के घर के बाहर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ जमकर घक्का-मुक्की हुई। वह बैरीकेड्स तोड़कर मंत्री के घर के बाहर पहुंचे। वहां धरना देते हुए मंत्री के इस्तीफे की मांग की। नाराजगी दिखाते हुए उनके घर के बाहर लगे बोर्ड पर कालिख भी पोती। शिक्षा मंत्री घर पर नहीं होने के कारण आनंदपुर के तहसीलदार ने मौके पर पहुंच कर प्रदर्शनकारियों से मैमोरेंडम लिया।

यूथ प्रधान ने मैमोरेंडम में शिक्षा मंत्री को इस्तीफे देने की मांग की है। चेतावनी दी है कि अगर पांच दिन में इस्तीफा नहीं दिया गया तो उनके चंडीगढ़ दफ्तर का घेराव किया जाएगा और जिला स्तर पर जगह-जगह पर शिक्षा मंत्री और पंजाब सरकार के पुतले फूंके जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री को नैतिकता के आधार पर खुद ही इस्तीफे दे देना चाहिए था। उनके कार्यकाल के दौरान कई पेपर लीक हो चुके हैं। अभी तक किसी की जवाबदेही तय नहीं की गई है। जबकि नीट पेपर लीक मामले में दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन के बाद केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा ले लिया गया। अब इनकी बारी है।

शुभी ने कहा कि आम आदमी पार्टी के सभी बड़े नेता अरविंद केरजीवाल, मनीश सिसोदिया और खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान कह चुके हैं कि पंजाब में पेपर लीक जैसी घटना होने पर मंत्री का इस्तीफे लिया जाएगा। अब वह अपने वादे से मुकर रहे हैं। उनके दोगले चेहरे सबके सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब आम आदमी पार्टी को वादे से मुकरने नहीं दिया जाएगा। इस्तीफे होने तक यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन पंजाब में जारी रहेगा। आगे संघर्ष को और भी तेज किया जाएगा।

 

लोकप्रिय