संत शिरोमणि गुरु रविदास की पवित्र कलश यात्रा का गुरुग्राम में भव्य स्वागत

31 July, 2026, 7:42 pm

गुरुग्राम,   31 जुलाई। गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को जन-जन का उत्सव बनाने के उद्देश्य से निकाली जा रही पवित्र कलश यात्रा के गुरुग्राम आगमन पर यात्रा का श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ स्वागत किया गया। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्य प्रकाश जरावता के नेतृत्व में सर्वसमाज का प्रतिनिधिमंडल वाराणसी से पवित्र कलश एवं गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी लेकर गुरुग्राम पहुंचा।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और भाईचारे का संदेश देता है। उनकी 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही यह यात्रा समाज को उनके विचारों से जोड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम बनेगी।

यात्रा मार्ग पर जगह-जगह हुआ पवित्र कलश यात्रा का भव्य स्वागत

गुरुग्राम पहुंचने के बाद पवित्र कलश यात्रा का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालुओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। एंबिएंस मॉल से प्रारंभ होकर यात्रा शंकर चौक, सिग्नेचर टावर, राजीव चौक, सोहना चौक, प्रेम मंदिर, न्यू कॉलोनी मोड़, सेक्टर-4-7 होते हुए शीतला माता मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का अभिनंदन किया तथा गुरु रविदास जी के जयघोष के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

गुरुग्राम से पूरे हरियाणा में पहुंचेगी गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी

वाराणसी से लाई गई संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी एवं कलश का गुरुग्राम पहुंचने के बाद पवित्र कलश को माता शीतला देवी मंदिर में विधिवत स्थापित किया गया। इसके उपरांत 4 अगस्त को हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के करकमलों से यह पवित्र मिट्टी प्रदेश के सभी 27 संगठनात्मक जिलों के जिला अध्यक्षों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों को सौंपी जाएगी। इसके बाद सभी जिलों में गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में इस पवित्र मिट्टी का उपयोग किया जाएगा, ताकि संत गुरु रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।

 

लोकप्रिय