शहीद ऊधम सिंह के सपनों को केवल भाजपा ही पूरा कर सकती है: नायब सिंह सैनी

31 July, 2026, 8:28 pm

 

सनौर (पंजाब) 31 जुलाई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए 56 चुनावी वादों में से अब तक कितने पूरे किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में लगभग चार महीने का समय बचा है और पंजाब की जनता को यह जानने का अधिकार है कि सरकार ने अपने वादों पर कितना अमल किया है।

पंजाब के सनौर में शहीद सरदार ऊधम सिंह के 87वें शहीदी दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह के सपनों को केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही साकार कर सकती है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य का विकास नारों से नहीं, बल्कि नीयत और प्रतिबद्धता से होता है।

मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार पर आबकारी निरीक्षकों (एक्साइज इंस्पेक्टर) की भर्ती में कथित अनियमितताओं का भी आरोप लगाया और कहा कि यह प्रतिभाशाली युवाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि यदि समारोह में वक्ताओं के अनुसार सरकार ने केवल 30 प्रतिशत चुनावी वादे ही पूरे किए हैं, तो मुख्यमंत्री भगवंत मान को जनता के सामने वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने 217 संकल्प लिए थे, जिनमें से 70 संकल्प डेढ़ वर्ष के भीतर पूरे किए जा चुके हैं, जबकि शेष 147 संकल्प भी जल्द पूरे किए जाएंगे।

शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों पर चलने का आह्वान

नायब सिंह सैनी ने कहा कि सनौर देशभक्ति की पवित्र भूमि है और यहां की मिट्टी भारत के स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों की याद दिलाती है। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी विरासत में नहीं मिली, बल्कि गुरुओं की तपस्या, वीरों के पराक्रम और शहीदों के सर्वोच्च बलिदान से प्राप्त हुई है।

उन्होंने शहीद सरदार ऊधम सिंह के जीवन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड का प्रतिशोध लंदन में लिया और उनका संघर्ष किसी धर्म, समुदाय या देश के खिलाफ नहीं, बल्कि अन्याय और ब्रिटिश साम्राज्यवाद के विरुद्ध था।

मुख्यमंत्री ने पंजाब के लोगों से आह्वान किया कि वे शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लें। उन्होंने कहा कि यदि एक ऊधम सिंह 21 वर्षों तक अपने संकल्प पर अडिग रहकर ब्रिटिश साम्राज्य की नींव हिला सकते हैं, तो 3.5 करोड़ पंजाबी एकजुट होकर पंजाब की तस्वीर और तकदीर बदल सकते हैं।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर सहित अनेक संत, धार्मिक नेता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

लोकप्रिय