पंजाब के लिए 2026 आर्थिक आजादी और महिला सशक्तिकरण का वर्ष: CM भगवंत मान

फिरोजपुर, 15 अगस्त 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कैंट बोर्ड स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और कहा कि वर्ष 2026 पंजाब की महिलाओं के लिए आर्थिक आजादी और सशक्तिकरण का वर्ष है। उन्होंने कहा कि ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ के तहत अब तक 65.62 लाख महिलाओं के बैंक खातों में ₹2,274.42 करोड़ की सम्मान राशि पहुंचाई जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत 74.59 लाख महिलाएं पंजीकृत हैं और शेष महिलाओं से भी पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि माताएं और बेटियां अब अपनी राशि अपनी इच्छा के अनुसार खर्च करने की स्वतंत्रता हासिल कर रही हैं।
शहीदों को नमन, पंजाब की एकता का संकल्प
मुख्यमंत्री ने इससे पहले हुसैनीवाला में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती ने देश की आजादी के लिए असाधारण बलिदान दिए हैं। सरहदी जिले फिरोजपुर के लोगों के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि सीमा पर रहने वाले लोग देश की सुरक्षा और एकता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भगवंत मान ने 1947 के विभाजन के दर्द का उल्लेख करते हुए कहा कि विभाजन केवल देश का नहीं, बल्कि परिवारों, रिश्तों और साझा भावनाओं का भी हुआ था। उन्होंने कहा कि आज भी पंजाब के लोग सीमा पार स्थित अपने ऐतिहासिक गुरुद्वारों और धार्मिक स्थलों के खुले दर्शन की कामना करते हैं।
उन्होंने कूका आंदोलन, पगड़ी संभाल जट्टा आंदोलन, गदर आंदोलन और बब्बर अकाली आंदोलन सहित स्वतंत्रता संग्राम में पंजाब के योगदान को याद किया। भगत सिंह, ऊधम सिंह, करतार सिंह सराभा, लाला लाजपत राय और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया।
नशे के खिलाफ अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है। ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान के 500 दिन पूरे हो चुके हैं। सरकार के अनुसार, नशा तस्करों के खिलाफ 56,394 मामले दर्ज किए गए हैं और 75,000 से अधिक तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
गांवों और वार्डों में डिफेंस कमेटियां बनाई गई हैं तथा करीब 1.25 लाख स्वयंसेवक नशामुक्त पंजाब के अभियान में काम कर रहे हैं। पंजाब-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन के जरिए होने वाली नशा तस्करी रोकने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम भी तैनात किए गए हैं।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर
भगवंत मान ने कहा कि राज्य में 1,090 आम आदमी क्लीनिक संचालित हैं, जहां रोजाना करीब 92 हजार लोग उपचार करा रहे हैं। उनके अनुसार, इन क्लीनिकों की ओपीडी में अब तक लगभग 6 करोड़ मरीज पहुंच चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत प्रत्येक परिवार को ₹10 लाख तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है और अब तक 3 लाख से अधिक मरीजों को ₹1,100 करोड़ का कैशलेस उपचार मिला है।
शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने NEET, 361 ने JEE Main और 64 विद्यार्थियों ने JEE Advanced परीक्षा पास की है। उन्होंने कहा कि 2021 में सरकारी स्कूलों से केवल 80 विद्यार्थी NEET में सफल हुए थे।
किसानों तक पहुंचा नहर का पानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने खेतों तक नहर का पानी पहुंचाने के लिए ₹7,200 करोड़ खर्च किए हैं। उनके अनुसार, नहर सिंचाई का क्षेत्र 26 प्रतिशत से बढ़कर करीब 80 प्रतिशत हो गया है।
उन्होंने दावा किया कि 1,587 ऐसे गांवों में पहली बार नहर का पानी पहुंचा है, जहां पहले कभी नहर का पानी नहीं पहुंचा था। 2022 में 20.89 लाख एकड़ क्षेत्र को नहर का पानी मिल रहा था, जबकि अब यह आंकड़ा 60.30 लाख एकड़ हो गया है।
रोजगार और निवेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं को मेरिट के आधार पर 69,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने इसे ‘नो कैश, नो फरमाइश’ प्रणाली के तहत पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया बताया।
उन्होंने कहा कि मार्च 2022 से पंजाब में ₹1.83 लाख करोड़ का निवेश आया है, जिससे लगभग 6 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। जापान की Aichi Steel और Tata Steel जैसी कंपनियों के निवेश का भी उन्होंने उल्लेख किया।
खेलों को बढ़ावा
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में खेलों के लिए ₹1,744 करोड़ का बजट निर्धारित किया गया है। राज्य पहली बार हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी कर रहा है, जिसके मुकाबले अक्टूबर और नवंबर में जालंधर तथा मोहाली में खेले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’ का चौथा संस्करण 5 सितंबर से बठिंडा में शुरू होगा और इसमें 38 खेलों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
सड़क सुरक्षा और बुनियादी ढांचा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की पहली सदक सुरक्षा फोर्स ने अब तक 25 हजार से अधिक लोगों को प्राथमिक उपचार दिया है और 35 हजार से अधिक घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। उनके अनुसार, सड़क हादसों में मृत्यु दर में 50 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है।
उन्होंने कहा कि करीब 45 हजार किलोमीटर सड़कों का नवीनीकरण और उन्नयन किया जा रहा है। जुलाई 2022 से करीब 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और उन्हें शून्य बिजली बिल प्राप्त हो रहे हैं।
पंजाब की शांति के लिए कड़ा संदेश
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब की शांति, भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश करने वाली ताकतों को चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब की धरती नफरत नहीं, बल्कि भाईचारे और ‘सरबत दा भला’ का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में नफरत के लिए न पहले कोई जगह थी, न आज है और न भविष्य में होगी। उन्होंने लोगों से शहीदों के सपनों को पूरा करने और पंजाब को फिर से एक समृद्ध, खुशहाल और ‘रंगला पंजाब’ बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
रंगारंग कार्यक्रम और परेड
स्वतंत्रता दिवस समारोह में पंजाब पुलिस, महिला पुलिस, BSF, PAP, हिमाचल पुलिस, पंजाब होम गार्ड्स, NCC, स्काउट्स एंड गाइड्स और पंजाब पुलिस बैंड की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। मुख्यमंत्री ने परेड की सलामी ली।
समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने PT शो, गिद्धा, भांगड़ा और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’, ‘मावां धीयां सत्कार योजना’, ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’, कृषि और वन विभाग सहित विभिन्न क्षेत्रों की उपलब्धियों पर आधारित झांकियां भी प्रदर्शित की गईं।
समारोह में पंजाब के मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, DGP गौरव यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अंत में पंजाबवासियों से शहीदों के आदर्शों को आगे बढ़ाने और राज्य को एक बार फिर “रंगला, समृद्ध और खुशहाल पंजाब बनाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए “इंकलाब जिंदाबाद” का नारा भी लगाया।




.jpeg)
.jpg)
.png)











YXG8.jpeg)



