डॉ. सतीश पूनिया को पंजाब भाजपा प्रभारी नियुक्त किए जाने पर केवल सिंह ढिल्लों ने किया स्वागत

18 August, 2026, 7:23 pm

चंडीगढ़, 18 अगस्त 2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया को भाजपा द्वारा पंजाब का प्रभारी नियुक्त किए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि डॉ. पूनिया की कुशल संगठनात्मक क्षमता, रणनीतिक सोच और लंबे राजनीतिक अनुभव का पंजाब भाजपा को बड़ा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि डॉ. सतीश पूनिया के साथ पंजाब भाजपा संगठन को ज़मीनी स्तर पर और मजबूत करने के लिए पार्टी की पूरी टीम एकजुटता के साथ काम करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता पूरी मेहनत और समर्पण के साथ पंजाब के लोगों तक पार्टी की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी की मजबूत संगठनात्मक टीम और कार्यकर्ताओं की मेहनत से 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनाने का लक्ष्य ज़रूर हासिल किया जाएगा।

केवल सिंह ढिल्लों ने नई राष्ट्रीय टीम में पंजाब के नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारियों पर भी खुशी व्यक्त की। उन्होंने सौदान सिंह को संगठन का राष्ट्रीय सह-महामंत्री, राज्यसभा सांसद तरुण चुग को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी एवं महाराष्ट्र का प्रभारी और पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी द्वारा एक बेहद अनुभवी, सक्षम और प्रभावशाली राष्ट्रीय टीम का गठन किया गया है। इस टीम में पंजाब के नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारियां पंजाब भाजपा के लिए गर्व की बात हैं।

केवल सिंह ढिल्लों ने नव-नियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों और डॉ. सतीश पूनिया को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और अनुभव से पार्टी को देश और पंजाब में और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा की पूरी टीम नई लीडरशिप के साथ पूरे तालमेल और एकजुटता से काम करते हुए पार्टी को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

लोकप्रिय