विस्तारित इंदौर मेट्रो सेवा से शहर को मिलेगी सुगम और सुरक्षित परिवहन की सुविधा : मनोहर लाल

इंदौर, 5 सितंबर 2026। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि विस्तारित इंदौर मेट्रो सेवा का शुभारंभ शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। नए कॉरिडोर के शुरू होने से मेट्रो अब शहर के महत्वपूर्ण क्षेत्रों और बस स्टैंड से जुड़ गई है, जिससे नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध परिवहन की सुविधा मिलेगी।
मेट्रो केवल यातायात का साधन नहीं, बल्कि ‘ईज ऑफ लिविंग’
श्री मनोहर लाल ने कहा कि मेट्रो केवल यातायात का साधन नहीं, बल्कि ‘ईज ऑफ लिविंग’ को बढ़ावा देने वाला माध्यम है। इससे यात्रियों का समय बचेगा, सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित होगी और शहर में भीड़ एवं यातायात के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले चरणों में रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट सहित अन्य प्रमुख स्थानों के मेट्रो नेटवर्क से जुड़ने पर इंदौर में सीमलेस मोबिलिटी को और बढ़ावा मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में देश के केवल 5 शहरों में 245 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क संचालित था, जो अब बढ़कर 26 शहरों में 1170 किलोमीटर हो गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी वर्षों में भारत मेट्रो नेटवर्क के मामले में अमेरिका को पीछे छोड़कर दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क वाला देश बन सकता है।
भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर अग्रसर
उन्होंने कहा कि मेट्रो सहित आधुनिक शहरी अवसंरचना देश को विकसित भारत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। शहरीकरण, अवसंरचना और औद्योगिकीकरण के साथ शिक्षा एवं स्वास्थ्य ऐसे प्रमुख क्षेत्र हैं, जिनमें निरंतर प्रगति से भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा।
श्री मनोहर लाल ने कहा कि इंदौर मध्यप्रदेश के विकास का प्रमुख केंद्र है। मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से शहर के उद्योग, व्यापार और नागरिक सुविधाओं को गति मिलेगी। इंदौर, उज्जैन और भोपाल जैसे प्रमुख शहरों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी से मध्यप्रदेश के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश को देश का दिल कहा जाता है और इंदौर इस दिल की धड़कन है। उन्होंने विस्तारित मेट्रो सेवा के शुभारंभ पर इंदौरवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही, 5 सितंबर को मनाए जाने वाले शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों को भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इनपुट -पीआईबी


.jpg)









.jpeg)
.jpg)
.png)











YXG8.jpeg)



