पंजाब में नशे की सच्चाई सामने रखने वाले ग्रामीण की आत्महत्या के जिम्मेदार वित्त मंत्री को किया जाए बर्खास्त- कांग्रेस

8 September, 2026, 8:30 pm

नई दिल्ली, 08 सितंबर कांग्रेस ने पंजाब में बढ़ते नशे की समस्या की सच्चाई सामने रखने वाले ग्रामीण गुलजार सिंह को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के जिम्मेदार प्रदेश के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की तत्काल बर्खास्तगी की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि आप (आम आदमी पार्टी) की सरकार प्रदेश में नशे को लेकर खोखले दावों की पोल खोलने वाले नागरिकों को प्रताड़ित कर रही है।

कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आप सरकार नशे के खात्मे के झूठे दावे कर रही है, जबकि हकीकत यह है कि नशा आज पंजाब के घर-घर तक पहुंच चुका है। 

कांग्रेस नेता ने बताया कि पंजाब के संगरूर जिले में एक जनसभा के दौरान वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा जब नशे के खिलाफ जंग में सफलता की बात कह रहे थे, तब दलित गुलजार सिंह ने खुलकर उनके दावे को गलत बताया था। इसके अगले ही दिन सत्ताधारी पार्टी के लोगों द्वारा गुलजार पर सोशल मीडिया पर माफी मांगने का भारी दबाव बनाया गया। प्रताड़ना से परेशान होकर गुलजार ने सल्फास खा लिया और मृत्युपूर्व बयान में कहा कि उन्हें धमकाने के लिए सीधे तौर पर हरपाल सिंह चीमा भी जिम्मेदार हैं। बाजवा ने कहा कि सत्ता में बैठे लोग आज जनता को सवाल तक नहीं पूछने दे रहे हैं। उन्होंने मांग की कि मंत्री चीमा का इस्तीफा लेकर उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाए और इस घटना में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो। 

‘आप’ सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के करीबी मनीष सिसोदिया की अध्यक्षता में हुई एक आंतरिक बैठक के वायरल वीडियो का हवाला देते हुए बाजवा ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी का इन दिनों बेहद शर्मनाक चेहरा सामने आ रहा है। वीडियो में सिसोदिया कह रहे हैं कि पंजाब में सरकार बनाने के लिए उन्हें चाहे कुछ भी करना पड़े, वह किया जाएगा। राज्य में पुलिस के रवैये पर सवाल उठाते हुए बाजवा ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार पूरा पंजाब एक पुलिस स्टेट में तब्दील हो गया है। अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों, मजदूरों, मनरेगा कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों और युवाओं पर पुलिस का क्रूरता से इस्तेमाल किया जा रहा है। 

इसके अलावा, नाभा जेल ब्रेक के दौरान फरार हुए और 47 मामलों में आरोपी गैंगस्टर गुरप्रीत सेखों को आम आदमी पार्टी में शामिल किए जाने को लेकर बाजवा ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार अन्य कुख्यात गैंगस्टरों को भी राजनीतिक संरक्षण दे रही है और उनके करीबियों को पद दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में खुलेआम फिरौती का खेल चल रहा है। 

सीमा पार से बढ़ रही नशे की सप्लाई पर कांग्रेस नेता ने केंद्र और राज्य, दोनों सरकारों को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है, जहां पाकिस्तान से हर रोज ड्रोन के जरिए हथियार और ड्रग्स आ रहे हैं, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार और राज्य सरकार, दोनों इन्हें रोकने में नाकाम रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के अपने क्षेत्र में भी नशे की खुलेआम बिक्री हो रही है। उन्होंने यह कटाक्ष भी किया कि खुद भगवंत मान नशा-मुक्त नहीं हो पाए हैं।

 

लोकप्रिय