भारत की राष्ट्रपति ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए; श्री अनंत नाग को दादासाहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया

23 September, 2026, 6:42 am

गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की भव्य पृष्ठभूमि में आयोजित एक ऐतिहासिक समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए। इस समारोह में फीचर, नॉन-फीचर और लेखन श्रेणियों में वर्ष 2024 की सिनेमाई उत्कृष्टता को सम्मानित किया गया। इस समारोह में कुल बानवे पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया गया।
 
दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को भारतीय सिनेमा में 5 दशकों से अधिक के उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2024 के प्रतिष्ठित दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। फीचर फिल्म श्रेणी में राजनीतिक थ्रिलर ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का स्वर्ण कमल पुरस्कार मिला। निर्देशक रणदीप हुड्डा को ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार मिला, जबकि नाग अश्विन सिंगिरेड्डी की विज्ञान कथा फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी को संपूर्ण मनोरंजन प्रदान करने वाली सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार मिला। राजकुमार पेरियासामी को तमिल फिल्म ‘अमरन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का पुरस्कार मिला। तेलुगु फिल्म ’35- चिन्ना कथा काडू’ को सर्वश्रेष्ठ बाल फिल्म का पुरस्कार मिला।
 
अभिनय श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ मुख्य अभिनेता का संयुक्त पुरस्कार दिग्गज अभिनेता ममूटी को ‘ब्रमयुगम’ और कार्तिक आर्यन को ‘चंदू चैंपियन’ के लिए दिया गया। यामी गौतम को ‘आर्टिकल 370’ में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ मुख्य अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। संजय मिश्रा को ‘भक्षक’ फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार मिला, जबकि सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार ‘महाराजा’ के लिए सचना नामिदास और ‘मिथ्या’ के लिए रोपाश्री वर्काडी को संयुक्त रूप से मिला।
 
गैर-फीचर श्रेणी में मराठी फिल्म ‘भंगार’ को सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला, जबकि निर्देशक आनंद एल राय को ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी – एकता का प्रतीक’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का पुरस्कार मिला। सिनेमा लेखन श्रेणियों में संजीव श्रीवास्तव को सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक के लिए स्वर्ण कमल पुरस्कार मिला।
 
बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन ने ‘चंदू चैंपियन’ के लिए अपना पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त करने पर गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने इस सम्मान को अपनी कलात्मक यात्रा में एक मील का पत्थर बताया।

लोकप्रिय