आज के समय में करुणा का वैश्वीकरण अत्यन्त आवश्यक है : डॉ. मोहन भागवत

नई दिल्ली, 27 नवंबर, शुक्रवार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक माननीय डॉ. मोहन भागवत ने आज नई दिल्ली स्थित डॉ. आम्बेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र के भीम सभागार में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता एवं लेखक श्री कैलाश सत्यार्थी की नवीनतम पुस्तक ‘करुणानायक राम’ का लोकार्पण किया। प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक में भगवान राम के व्यक्तित्व, जीवन-दर्शन और आदर्शों को करुणा, मानवीय संवेदना, सामाजिक न्याय और नैतिक उत्तरदायित्व के व्यापक परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत किया गया है। कार्यक्रम का आयोजन इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र (आईजीएनसीए) के मीडिया सेंटर द्वारा किया गया।
समारोह में भूटान की महामहिम राजकुमारी सोनम देचन वांगचुक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर पुस्तक के लेखक एवं नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित श्री कैलाश सत्यार्थी, आईजीएनसीए के सदस्य सचिव, पुस्तक के प्रकाशक श्री प्रभात कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पुस्तक के लोकार्पणकर्ता एवं मुख्य वक्ता डॉ. मोहन भागवत ने अपने विशेष उद्बोधन में भगवान राम की करुणा एवं वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा, हम सबके ह्रदय में स्वाभाविक ऐसी बात है, जिससे प्रेरित होकर हम किसी का दुख दूर करने के लिए कुछ करते हैं, यही हमारी करुणा है। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक माननीय डॉ. मोहन भागवत जी ने कहा, भगवान राम के चरित्र में करुणा, मर्यादा और लोककल्याण का भाव निहित है। राम और रावण के बीच मूल अन्तर यही था कि रावण ‘मैं’ और ‘मेरा’ के अहंकार में सीमित था, जबकि राम का जीवन करुणा और धर्म के आचरण का आदर्श प्रस्तुत करता है। अहंकार का अर्थ है ‘मैं’ और ‘मेरा’ के आगे न जा पाना। जब तक हम इस आग्रह से ऊपर नहीं उठते, तब तक उस शाश्वत सत्य का अनुभव नहीं कर सकते कि हम सब भीतर से एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा, करुणा कोई विशेष गुण नहीं, बल्कि मनुष्यता का स्वाभाविक भाव है। यह तब प्रकट होती है, जब दूसरे का दुख हमें अपना दुख अनुभव होता है और हम उसे कम करने के लिए अपनी सामर्थ्य के अनुसार कार्य करते हैं। केवल संवेदना व्यक्त करना करुणा नहीं है, बल्कि करुणा हमें सेवा और लोककल्याण के लिए प्रेरित करती है। हम कभी अकेले सुखी नहीं हो सकते; हमारा सुख सम्पूर्ण समाज, प्रकृति और विश्व के सुख से जुड़ा हुआ है।
इसलिए राम को मानना ही पर्याप्त नहीं, राम की मानना भी आवश्यक है। उनके चरित्र से मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और करुणा की प्रेरणा लेकर अपने जीवन में उसका आचरण करना ही सच्ची श्रद्धा है। आज देश और विश्व की अनेक समस्याओं के मूल में ‘मैं’ और ‘मेरा’ का आग्रह तथा करुणा का अभाव दिखाई देता है। ऐसे समय में करुणा का वैश्वीकरण अत्यन्त आवश्यक है। जब हम अपने सीमित स्वार्थ से ऊपर उठकर सम्पूर्ण सृष्टि के प्रति अपनत्व का अनुभव करेंगे, तभी सच्चे अर्थों में मनुष्यता और विश्वकल्याण की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
भूटान की महामहिम राजकुमारी सोनम देचन ने कहा, यह भूटान के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि श्री कैलाश सत्यार्थी ने हमारे देश को रामराज्य का एक अच्छा उदाहरण बताया है। उन्होंने भगवान राम के आदर्शों को समझने के लिए आगे आ रहे युवाओं की भी सराहना की।
श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, ‘करुणानायक राम’ शीर्षक अपने आप में एक गहरी दार्शनिक अभिव्यक्ति है। शक्ति तभी सार्थक होती है, जब वह करुणा से अनुप्राणित हो। राम का चरित्र कर्तव्य और संवेदना के समन्वय का आदर्श प्रस्तुत करता है। राम भारत की संस्कृति, आदर्शों और जनजीवन की प्रेरणा हैं तथा उस सामूहिक चेतना के प्रतीक हैं, जो व्यक्ति और समाज को एक सूत्र में जोड़ती है। राम को समझना भारत को समझना है। उनका नायकत्व केवल शक्ति या सामर्थ्य में नहीं, बल्कि चरित्र की समग्रता में निहित है। करुणा केवल एक कोमल भाव नहीं, बल्कि हमारे भीतर विद्यमान परिवर्तनकारी शक्ति है। राम के चरित्र में मर्यादा, कर्तव्य और संवेदना का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। राम के नायकत्व, निर्भीकता, आदर्श पुत्र के रूप तथा सम्बन्धों को मर्यादा के साथ निभाने के गुणों को भी समझना आवश्यक है। राम के चरित्र के किसी एक सूत्र को पकड़कर आगे बढ़ने पर उनके व्यक्तित्व की अनन्तता की यात्रा आरम्भ हो सकती है।
इस अवसर पर श्री कैलाश सत्यार्थी ने अपनी पुस्तक ‘करुणानायक राम’ की वैचारिक पृष्ठभूमि और उसके मूल भाव को रेखांकित किया। उन्होंने भगवान राम के जीवन को करुणा के व्यापक दृष्टिकोण से समझने की आवश्यकता पर बल दिया। पुस्तक का केंद्रीय विचार है कि करुणा केवल दया अथवा भावुकता का भाव नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज और शासन व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली एक सक्रिय नैतिक शक्ति है। उन्होंने कहा, अपने सीमित ज्ञान और व्यक्तिगत अनुभवों के आधार पर मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा हूं कि राम के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण और व्यावहारिक पक्ष यह है कि वे करुणानायक हैं। मेरे लिए करुणा महज एक भावना नहीं, बल्कि ऐसी शक्ति है, जो दूसरे के दुख को अपना समझने से जन्म लेती है और हमें उसके निवारण के लिए सक्रिय होने की प्रेरणा देती है। पुस्तक में राम के जीवन में करुणा के इसी स्वरूप को चार स्तरों पर समझाया गया है - परिवार, समाज, व्यवस्था और स्वयं के स्तर पर।
डॉ. सच्चिदानंद जोशी ने अपने स्वागत भाषण में कहा, जब तक संस्कृति और करुणा का समावेश नहीं हो कोई मनुष्य संपूर्ण नहीं बन सकता। कम से कम भारत में तो हम संस्कृति और करुणा के बिना संपूर्ण मनुष्य की कल्पना नहीं कर सकते। ये भारत भूमि है, जहां से विश्व के लिए करुणा उपजी है, प्रेम उपजा है, सद्भाव उपजा है। कार्यक्रम के अंत में श्री प्रभात कुमार ने अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुस्तक के बारे में
‘करुणानायक राम’ भगवान राम के व्यक्तित्व, जीवन-मूल्यों और आदर्शों को एक नए दृष्टिकोण से समझने का मौलिक प्रयास है। पुस्तक में भगवान राम को केवल ईश्वर के अवतार अथवा मर्यादा पुरुषोत्तम के पारंपरिक स्वरूप तक सीमित न रखते हुए एक ऐसे नायक के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिनके व्यक्तित्व का सबसे महत्वपूर्ण और व्यावहारिक पक्ष उनका करुणामय होना है।
लेखक के अनुसार, करुणा ही वह आंतरिक शक्ति थी, जिसने भगवान राम को विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्यवान, संतुलित, संवेदनशील और न्यायप्रिय बनाए रखा। इसी दृष्टि से पुस्तक में करुणा के चार प्रमुख आयामों—आत्मीय करुणा, सामाजिक करुणा, आत्म करुणा और परिवर्तनकारी करुणा पर विशेष रूप से विचार किया गया है।
पुस्तक में भगवान राम के पारिवारिक संबंधों, निषादराज और केवट के साथ उनके आत्मीय व्यवहार, वनवासी समुदायों के प्रति उनके स्नेह, उनकी संवाद-कला और रामराज्य की अवधारणा के माध्यम से करुणा के इन विविध रूपों को समझाया गया है। इसमें यह भी रेखांकित किया गया है कि भगवान राम का व्यक्तित्व सामाजिक समरसता, समानता, न्याय और मानवीय गरिमा के उच्च आदर्शों को अभिव्यक्त करता है।
पुस्तक में राम और रावण के व्यक्तित्व के बीच के मूलभूत अंतर को भी करुणा और संवेदनशीलता के संदर्भ में विश्लेषित किया गया है। लेखक के अनुसार, ज्ञान, शक्ति और संपन्नता होने के बावजूद यदि व्यक्ति के जीवन में करुणा का अभाव है, तो उसका पतन निश्चित है। इसके विपरीत करुणा से प्रेरित व्यवहार, संवाद, सामाजिक न्याय, समानता, जवाबदेही और प्रकृति के प्रति सम्मान एक बेहतर समाज एवं संवेदनशील शासन व्यवस्था के निर्माण का आधार बन सकते हैं।
आज जब विश्व हिंसा, असहिष्णुता, सामाजिक विभाजन और संवादहीनता जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे समय में ‘करुणानायक राम’ भगवान राम के जीवन से जुड़े उन सार्वकालिक मानवीय मूल्यों की ओर ध्यान आकर्षित करती है, जो समूची मानवता के लिए प्रासंगिक हैं। पुस्तक का संदेश है कि करुणा किसी धर्म, संप्रदाय, देश अथवा काल की सीमाओं में बंधी हुई अवधारणा नहीं है, बल्कि मानवीय जीवन और सभ्यता को अधिक संवेदनशील, न्यायपूर्ण और समरस बनाने वाली सार्वभौमिक शक्ति है।











.jpg)
(1)_20261103110428_cb0779.jpeg)




.jpeg)



.png)
.jpg)


.jpg)





.png)
.jpg)




.jpg)









.jpeg)
.jpg)
.png)











YXG8.jpeg)



